
कपूरथला (Jaspal Kainth)-कुछ रिश्ते शब्दों से बड़े होते हैं और कुछ विदाइयां ऐसी होती हैं, जिनकी ख़ामोशी भी बहुत कुछ कह जाती है। अमर उजाला और दैनिक जागरण में कपूरथला जिले के लिए लंबे समय तक ब्यूरो चीफ रहे वरिष्ठ पत्रकार हरनेक सिंह जैनपुरी की माता जी की मधुर स्मृति को समर्पित श्रद्धांजलि समारोह सुल्तानपुर लोधी तहसील के गांव जैनपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित किया गया। गुरु घर की शांत फिज़ा में गूंजती अरदास और झुकी हुई निगाहें उस मां के प्रति सम्मान का प्रतीक थीं, जिनके संस्कारों ने एक परिवार ही नहीं, समाज को भी दिशा दी। गुरुद्वारा साहिब में एकत्र हुई संगतों की आंखें नम थीं, लेकिन चेहरों पर श्रद्धा और आत्मिक शांति झलक रही थी। हर आने वाला व्यक्ति मौन होकर माथा टेकता, कुछ पल ठहरता और उस मां को नमन करता, जिसने सादगी, सेवा और संस्कारों का जीवन जिया।
इस मौके पर संबोधित करते हुए विश्व प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी एवं राज्य सभा मैंबर संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि एक मां का जीवन अक्सर मंचों पर नहीं दिखता, लेकिन उसकी दी हुई सीख पीढ़ियों तक बोलती है। यही संस्कार हैं, जो वरिष्ठ पत्रकार हरनेक सिंह जैनपुरी के जीवन और उनकी निष्पक्ष, ईमानदार पत्रकारिता में स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। मां की गोद से मिली सीख ही किसी व्यक्ति को संवेदनशील, सच्चा और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाती है।
इस मौके पर कपूरथला के विधायक एवं साबका कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी पाठशाला कार्यशाला होती है। वरिष्ठ पत्रकार हरनेक सिंह जैनपुरी की माता जी का जीवन सादगी, त्याग और संस्कारों से परिपूर्ण रहा। ऐसी माताएं अपने बच्चों के माध्यम से समाज को दिशा देती हैं। उनके द्वारा दिए गए संस्कार ही हरनेक सिंह जैनपुरी के व्यक्तित्व और उनकी ईमानदार, निर्भीक पत्रकारिता में साफ झलकते हैं। माता जी का जाना परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। मैं दिवंगत पुण्य आत्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी एवं राज्य सभा सदस्य संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कपूरथला से विधायक राणा गुरजीत सिंह, भाजपा के जिला प्रधान रणजीत सिंह खोजेवाल, आम आदमी पार्टी के नेता व शायर कंवर इकबाल सिंह, आम आदमी से सीनियर नेता परविंदर सिंह ढोट, एयर फोर्स के पूर्व मास्टर वारंट अधिकारी दीदार सिंह, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी बिक्रमजीत सिंह थिंद, अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी बलजीत सिंह चंदी, आरएसएस के पदेश प्रचार प्रमुख अशोक गुप्ता, इंस्पेक्टर बख्शीश सिंह गिला, आनंद स्कूल के प्रिंसिपल डा. अरविंदर सिंह सेखों, पूर्व प्रिंसिपल एवं साहित्य कार प्रोमिला अरोड़ा, हिंदी के साहित्यकार विकेश निझावन, शैलर एसोसिएशन पंजाब के चेयरमैन जैपाल गोयल, सीनियर अकाली नेता प्यारा सिंह मजादपुर, डीटीएफ नेता ज्योति महिंद्रू, किसान नेता कुलवंत सिंह जोशन, रिटायर्ड इंस्पेक्टर बलबीर सिंह, सरपंच मेजर सिंह, बाबा अवतार सिंह गुरू नानक धर्मशाला, केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग के पूर्व डायरेक्टर डा. एनएस कंग आदि द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई।





